रायसेन/नसीम अली/खबर डिजिटल/ विश्व पर्यटन मानचित्र पर दर्ज सांची नगर की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर में सुरक्षा के उद्देश्य से कुछ वर्ष पूर्व लगाए गए सीसीटीवी कैमरे अब लंबे समय से बंद पड़े हुए हैं, जिससे संपूर्ण नगर की निगरानी व्यवस्था ठप हो गई है। कैमरे जहां-जहां लगाए गए थे, वहाँ अब सिर्फ खंभों पर लटके निष्क्रिय यंत्र दिखाई देते हैं, जबकि कंट्रोल रूम भी शोपीस बनकर रह गया है।
अधिकांश कैमरे हुए बंद
प्रारंभ में यह प्रणाली सक्रिय थी और नगर की प्रमुख सड़कों, प्रवेश मार्गों तथा ऐतिहासिक परिसरों पर नजर रखी जाती थी। लेकिन रखरखाव की कमी और तकनीकी दिक्कतों की अनदेखी के चलते अधिकांश कैमरे बंद हो गए हैं। इसके चलते हाल के दिनों में विभिन्न घटनाओं की जांच में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
प्रशासनिक लापरवाही का शिकार
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब नगर के कैमरे बंद पड़े हैं, तो लोगों ने स्वयं अपने घरों व दुकानों पर निजी कैमरे लगाकर सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद उठा ली है। इससे यह स्पष्ट है कि प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है।
श्रद्धालु और पर्यटक होंगे शामिल
इधर, आगामी दिनों में नगर में वार्षिक उत्सव आयोजित होना है, जिसमें देश-विदेश से आने वाले हजारों श्रद्धालु व पर्यटक शामिल होंगे। ऐसे में बंद पड़े कैमरे और निष्क्रिय कंट्रोल रूम की स्थिति सुरक्षा तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े करती है।
‘शीघ्र सुधार की प्रक्रिया करेंगे शुरु’
वहीं, थाना प्रभारी जे.पी. त्रिपाठी ने बताया कि “कैमरे फिलहाल बंद हैं, परंतु उनकी तकनीकी व्यवस्था पुलिस के नियंत्रण में नहीं आती है। फिर भी पुलिस अधीक्षक को स्थिति से अवगत कराया जाएगा, ताकि शीघ्र सुधार की प्रक्रिया शुरू की जा सके।”
