राजगढ़/ धर्मराज सिंह/ खबर डिजिटल/ नेशनल हाईवे पर राहगीरों को निशाना बनाकर लूट की वारदातें करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना कुरावर पुलिस ने राजस्थान के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई 1,26,400 की पूरी राशि, मोबाइल, पर्स, जरूरी दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
24 जनवरी को हुई थी वारदात
24 जनवरी 2026 को फरियादी गोपाल दास यादव, निवासी ग्राम खानपुरा, भोपाल से ब्यावरा लौट रहे थे। तीज बड़ली के पास तीन अज्ञात युवकों ने हाथ देकर वाहन रुकवाया। गाड़ी रुकते ही आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्ची डाल दी और उन्हें वाहन में ही बंधक बना लिया। मारपीट कर मोबाइल और पर्स लूट लिया गया।
इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल का पासवर्ड जबरन पूछकर पीड़ित को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दुकानों के माध्यम से उसके खाते से कुल 1,26,400 निकलवा लिए। किसी तरह मौका पाकर पीड़ित आरोपियों के चंगुल से भाग निकला और थाना कुरावर में रिपोर्ट दर्ज कराई।
एसपी की मॉनिटरिंग में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे व एसडीओपी मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपी रात के समय सुनसान हाईवे पर कार चालकों को मदद का बहाना बनाकर रोकते थे। वाहन रुकते ही मिर्ची डालकर पीड़ित को असहाय बनाते, फिर बंधक बनाकर मारपीट करते। मोबाइल पासवर्ड लेकर बैंक खाते से रकम निकलवाते और पहचान छिपाने के लिए चोरी की बाइक व महंगे होटलों का सहारा लेते थे।


