रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ रीवा में एक फिल्मी अंदाज़ का ड्रामा देखने को मिला, मुंबई से लाई गई नाबालिग प्रेमिका और उसके प्रेमी को परिजनों ने पकड़ लिया। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की है, जहां रोते- बिलखते और हंगामा करती लड़की के कारण मामला पुलिस तक पहुंच गया। वहीं अब पूरे मामले में पुलिस कार्रवाई करने में जुटी है।
क्या है पूरा मामला
मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। रीवा का रहने वाला दुर्गेश, जो मुंबई में काम करता था, उसने अपने पड़ोस में रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया। दीपावली के दिन दोनों घर से भागकर मुंबई से रीवा पहुंचे। जैसे ही युवती के यूपी निवासी परिजनों को इसकी खबर लगी, वे रीवा पहुंचे और साईं मंदिर के पास दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद लड़की ने जोरदार हंगामा किया और अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद करने लगी।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई। परिजनों ने युवक पर अपहरण और दुष्कर्म की नीयत से बहलाने- फुसलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने लड़की को सुरक्षित थाने में रखा है और अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।


