रीवा/ अरविन्द तिवारी/ रीवा एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का एक बयान अब सियासी चर्चा का विषय बन गया है। मंच से संबोधन के दौरान पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण का विरोध करने वालों पर सांसद की टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बयान में सांसद ने आपत्तिजनक और तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
रविवार को रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद थे। संबोधन के दौरान रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और देश की ऊर्जा जरूरतों का जिक्र किया। इसी दौरान उन्होंने पेट्रोल में इथेनॉल के इस्तेमाल का विरोध करने वालों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश अपनी पेट्रोल जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेश से आयात करता है और मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में ईंधन आपूर्ति चुनौतीपूर्ण है।
इसी क्रम में सांसद ने कथित तौर पर विरोध करने वालों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि अगर शुद्ध पेट्रोल चाहिए तो वह कहां से आएगा। सांसद के इस बयान की वीडियो क्लिप अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है और बयान की भाषा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वायरल क्लिप के पूरे संदर्भ और मूल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि इस रिपोर्ट में नहीं की गई है। अब देखना होगा कि सांसद या भाजपा की ओर से इस विवादित बयान पर क्या सफाई सामने आती है।
