उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ उज्जैन रेलवे स्टेशन पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रेलवे सुरक्षा बल RPFके एक सतर्क जवान ने अपनी जान पर खेलकर चलती ट्रेन के नीचे आने से एक महिला यात्री की जान बचा ली। घटना 2 जनवरी की है, जब रात लगभग 8 बजकर 25 मिनट पर ट्रेन संख्या 19712 भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस उज्जैन स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान संजना यादव उम्र 48 वर्ष, निवासी सीहोर, जो अपने परिवार के साथ नीमच जा रही थीं, खाने-पीने का सामान लेने के लिए प्लेटफार्म पर उतरी थीं। ट्रेन चलने पर जब उन्होंने कोच M2 में चढ़ने का प्रयास किया, तो अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कोच व प्लेटफार्म के बीच बने गैप खाली जगह में गिर गईं।
ड्यूटी पर तैनात जवान ने निभाया फर्ज
ड्यूटी पर तैनात एस्कॉर्टिंग पार्टी के हेड कांस्टेबल रामाश्रे पाल ने जैसे ही महिला को गिरते देखा, उन्होंने बिना समय गंवाए फुर्ती दिखाई और फंसी हुई महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी इस त्वरित प्रतिक्रिया से महिला को जीवनदान मिला।
हादसे में आई मामूली चोटें
हादसे में महिला को मामूली चोटें आई हैं। आरपीएफ पोस्ट पर प्राथमिक सहायता के बाद, परिजनों की सहमति से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हेड कांस्टेबल रामाश्रे पाल के इस साहसी कार्य की चहुंओर प्रशंसा हो रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें जवान की जांबाजी साफ देखी जा सकती है।


