सतना/अंकित शर्मा/खबर डिजिटल/ जिले के बाबूपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बिरहुली गांव में दिनदहाड़े गोली चलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना बीते शुक्रवार की है। इस मामले की लिखित शिकायत बाबूपुर चौकी में शाम को की गई। जिसकी जांच में पुलिस जुटी है।
पीड़ित कार मालिक ने कराई शिकायत
पीड़ित कार मालिक बलवेंद्र सिंह पिता बलराम सिंह, निवासी बिरहुली ने बाबूपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार उनकी कार घर के बाहर खड़ी थी। भोजन करने के बाद जब वे बाहर निकले तो कार का फ्रंट शीशा टूटा हुआ था। शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी ने पत्थर मारकर तोड़फोड़ की है, लेकिन जब उन्होंने कार का गेट खोलकर अंदर देखा तो स्टेयरिंग के पास एक कारतूस पड़ा मिला। कारतूस मिलने के बाद उन्हें समझ आया कि घटना तोड़फोड़ नहीं बल्कि गोलीबारी की है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को लिखित सूचना दी।
जांच के लिए जुटी पुलिस
उधर, शनिवार की सुबह बाबूपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने कार का निरीक्षण कर कारतूस को जब्त कर लिया है। मौके से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हो रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली कार के शीशे पर दागी, जिससे फ्रंट ग्लास चकनाचूर हो गया। घटना किस वजह से हुई और किसने गोली चलाई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
किसी से नहीं विवाद – पीड़ित
पीड़ित बलवेंद्र सिंह ने बताया कि उनका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं है। ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस घटना से परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस संभावित आरोपियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।


