सतना/अंकित शर्मा/खबर डिजिटल/ राजनीति में जोश होना अच्छी बात है, लेकिन कभी-कभी ‘अति-उत्साह’ भारी फजीहत का कारण बन जाता है। ऐसा ही कुछ नजारा मंगलवार को सतना में देखने को मिला है। यहां मध्यप्रदेश शासन की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के भाई की गांजा तस्करी में गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक ऐसा ‘सेल्फ गोल’ कर दिया, जिसने पूरी पार्टी की किरकिरी करा दी है।
कांग्रेसियों की फिसली जुबान
एमपी में सतना जिले के सिविल लाइन चौराहे पर मंत्री प्रतिमा बागरी के खिलाफ प्रदर्शन करने आए कांग्रेसियों की जुबान ऐसी फिसली कि वे अपनी ही पार्टी को कोसने लगे। विरोध के फ्लो में कार्यकर्ताओं ने “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” के नारे लगा दिए। अब यह वीडियो सोशल मीडिया जमकर वायरल हो रहा है।
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी का कर रहे थे विरोध
दरअसल, राज्यमंत्री के भाई अनिल बागरी के गांजा तस्करी में पकड़े जाने के बाद कांग्रेस आक्रामक मूड में है। मंगलवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता सतना के सिविल लाइन चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे थे। कार्यकर्ता पूरे जोश में थे और एक सुर में नारे लगा रहे थे प्रतिमा बागरी इस्तीफा दो” “मोहन सरकार मुर्दाबाद” भारतीय जनता पार्टी मुर्दाबाद।
जोश में होश खो बैठे कांग्रेसी
नारेबाजी का यह सिलसिला तेज होता गया और इसी रौ में कार्यकर्ताओं का ध्यान भटक गया। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि ‘मुर्दाबाद’ के फ्लो में कार्यकर्ता अचानक कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” चिल्लाने लगे। जब तक उन्हें अपनी इस भारी चूक का अहसास होता और वे रुकते, तब तक यह मजेदार वाकया कैमरों में कैद हो चुका था। जो अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। जिसके बाद कांग्रेस पार्टी खुद ही हंसी का पात्र बन गई है।
सोशल मीडिया पर जमकर हो रहा वायरल
गौरतलब है कि यह प्रदर्शन एक बेहद गंभीर मुद्दे पर हो रहा था। राज्यमंत्री के सगे भाई और जीजा 46 किलो गांजा तस्करी के आरोप में जेल गए हैं, जिसे लेकर कांग्रेस मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है। लेकिन इस एक ‘वायरल वीडियो’ ने पूरे विरोध प्रदर्शन की दिशा ही बदल दी और अब चर्चा मंत्री के भाई से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की इस चूक की हो रही है।


