झाबुआ/सुनील डाबी/खबर डिजिटल/ झाबुआ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था पर खबर डिजिटल द्वारा प्रकाशित समाचार का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। जिले में 108 एंबुलेंस और जननी सुरक्षा वाहनों की लापरवाही को लेकर उठाए गए मुद्दे पर प्रशासन हरकत में आया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) झाबुआ ने सेवाओं में लगातार मिल रही शिकायतों और गंभीर लापरवाही को देखते हुए जिला कॉर्डिनेटर को स्पष्टीकरण जारी किया है।
सीएमएचओ ने दी जानकारी
सीएमएचओ ने बताया कि 9 दिसम्बर 2025 को ग्राम घोसलिया निवासी सीमा भूरिया को प्रसव पीड़ा होने पर समय पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। परिजनों द्वारा कॉल करने के बावजूद लंबे इंतजार के बाद भी वाहन नहीं पहुँचा, जिसके बाद पुलिस ने देवदूत की भूमिका निभाते हुए एक नर्स को साथ लेकर मौके पर पहुँचकर सड़क किनारे सुरक्षित प्रसव करवाया। इसी तरह की घटनाएँ जिले में पहले भी एक-दो बार सामने आ चुकी हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।
लगातार मिल रही गंभीर शिकायतें
प्रशासन के अनुसार जिले में संचालित 108 एवं जननी वाहनों के संचालन को लेकर लगातार गंभीर शिकायतें मिल रही हैं। आपात स्थिति में समय पर वाहन नहीं पहुँचने से मरीजों का जीवन जोखिम में पड़ रहा है। वहीं सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी लगातार शिकायतें दर्ज हो रही हैं। कई वाहनों का लंबे समय तक मेंटेनेंस में रहना, कॉल सेंटर द्वारा संतोषजनक जानकारी न देना, एक-दो घंटे में वाहन भेजने का आश्वासन देकर कॉल समाप्त कर देना, निर्धारित लोकेशन पर ड्राइवरों का अनुपस्थित रहना तथा ईंधन भरवाने के लिए 15–20 किलोमीटर दूर जाना—इन सभी कारणों से सेवा गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
जिला कॉर्डिनेटर को किया निर्देशित
इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए CMHO ने जिला कॉर्डिनेटर को निर्देशित किया है कि सभी त्रुटियों का तत्काल निराकरण करें तथा व्यक्तिगत रूप से कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। अन्यथा विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है।
खबर डिजिटल को दिया धन्यवाद
नगरवासियों का कहना है कि यदि मीडिया ऐसे ही जनहित के मुद्दे उठाता रहा तो प्रशासन की कार्यप्रणाली में और सुधार देखने को मिलेंगे। खबर डिजिटल की यह मुहिम स्वास्थ्य विभाग को जवाबदेही के लिए मजबूर कर रही है।


