MP Morning News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज से अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। भाजपा के स्टार प्रचारक के तौर पर सीएम यादव आज बंगाल के चुनावी रण में पसीना बहाएंगे। वे सुबह 11:30 बजे कमरहाटी में भाजपा प्रत्याशी अरुप चौधरी के समर्थन में जनसभा। इसके बाद वे शाम 5 बजे खड़गपुर सदर में वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष के पक्ष में बड़ी सभा को संबोधित करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हिंदी भाषी मतदाताओं के बीच सीएम मोहन यादव का प्रभाव भाजपा के लिए बंगाल में गेम-चेंजर साबित हो सकता है।
भट्टी की तरह तप रहा MP
मध्यप्रदेश में गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। खजुराहो 43.2°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। प्रदेश के 9 शहरों में पारा 42 डिग्री के पार जा चुका है। भीषण गर्मी को देखते हुए भोपाल कलेक्टर ने कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक कर दिया है। यह नियम आज 18 अप्रैल से लागू हो गया है। मौसम विभाग ने अलीराजपुर, रतलाम, धार, छतरपुर और पन्ना समेत 16 जिलों में लू (Heat Wave) का अलर्ट जारी किया है। नर्मदापुरम, ग्वालियर और छिंदवाड़ा जैसे 11 अन्य जिलों में भी स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है।
किसानों को बड़ी राहत
प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए गेहूं उपार्जन के लिए स्लॉट बुकिंग की अवधि 6 दिन बढ़ा दी है। अब किसान 30 अप्रैल तक बुकिंग कर सकेंगे। केंद्रों की क्षमता बढ़ाकर 1500 क्विंटल कर दी गई है। राज्य में अब तक 1.30 लाख से अधिक किसानों से 57 लाख क्विंटल से ज्यादा गेहूं खरीदा जा चुका है, जिसके बदले 355 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
शिक्षकों का हल्ला बोल
शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता के विरोध में आज राजधानी भोपाल के दशहरा मैदान में प्रदेशभर के हजारों शिक्षक एकजुट हो रहे हैं। शिक्षकों का दावा है कि इस प्रदर्शन में 50 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। सरकार ने इस मामले में रिव्यू पिटीशन दाखिल की है, लेकिन शिक्षक अपनी मांगों को लेकर ‘मुख्यमंत्री अनुरोध यात्रा’ निकालने पर अड़े हैं।
महिला वंदन विधेयक
संसद में महिला वंदन विधेयक पास नहीं होने पर सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए इसे ‘महिला विरोधी मानसिकता’ करार दिया है।
अस्पतालों को ग्रेस पीरियड
एमपी के आयुष्मान संबद्ध अस्पतालों को राहत देते हुए सरकार ने बिना NABH सर्टिफिकेट के 6 महीने तक इलाज की अनुमति दी है। 80 अस्पताल फिर से बहाल हुए हैं।
कलेक्टरों को निर्देश
सीएम ने कलेक्टरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे गांवों में रात बिताएं और ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ में लापरवाही न बरतें।
RTE एडमिशन
निजी स्कूलों में निःशुल्क प्रवेश (RTE) की तारीख बढ़ाकर 25 अप्रैल कर दी गई है।


