सिवनी/विशाल भारद्वाज/खबर डिजिटल/ सिवनी के छपारा नगर में उस समय हलचल मच गई जब एक कबर बीज्जू अचानक एक घर में घुस आया। यह घटना खेरमाई मंदिर के पास रहने वाले प्रदीप, प्रशांत गुड्डू श्रीवास्तव के घर की है। बताया जा रहा है कि रात्रि लगभग 7 बजे परिवार के लोगों ने देखा कि एक कबर बीज्जू उनके घर के आंगन में आ गया है और सीढ़ी के नीचे जाकर बैठ गया है। अचानक जंगली जानवर को घर में देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए और आसपास के लोगों में भी डर का माहौल बन गया।
वन विभाग की टीम ने लिया जायजा
स्थिति को देखते हुए घर के लोगों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी चंद्रविनय को मामले की जानकारी दी गई। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपने साथी कर्मचारी उदय उइके को मौके पर भेजा। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू की तैयारी शुरू की।
कबर बीज्जू को सुरक्षित तरीके से पकड़ा
कबर बीज्जू एक जंगली और सतर्क जीव होता है, इसलिए उसे पकड़ने में विशेष सावधानी बरती गई ताकि किसी को नुकसान न पहुंचे। वन विभाग के कर्मचारियों ने काफी सतर्कता और धैर्य के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। कुछ समय की कोशिश के बाद उन्होंने कबर बीज्जू को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
जनहानि से किया बचाव
रेस्क्यू पूरा होने के बाद वन विभाग की टीम उसे अपने साथ लेकर पास के जंगल क्षेत्र में गई और वहां उसे सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान नहीं हुआ, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
कर्मचारियों ने की त्वरित कार्रवाई
वन विभाग के कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के कारण एक संभावित खतरे को टाल दिया गया। स्थानीय नागरिकों ने भी वन विभाग की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की और कहा कि समय पर पहुंचकर उन्होंने बड़ी समस्या को टाल दिया।


