शिवपुरी/ खबर डिजिटल/ जिले के इंदार गांव में बीती रात चोरों ने भारी आतंक मचाया। बेखौफ बदमाशों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाते हुए करीब 1.5 करोड़ रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
चंद्रप्रकाश रघुवंशी के घर डकैती
सबसे बड़ी वारदात संपन्न किसान चंद्रप्रकाश रघुवंशी के घर हुई। परिजन आशीष रघुवंशी के अनुसार, परिवार रात 12 बजे सो गया था, तभी चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। चोरों ने एक कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे तीन बक्सों को खंगाला।
चोरों ने यहां से भारी मात्रा में जेवरात और नकदी समेट ली:
सोना: 17 अंगूठियां, 3 हार, 4 चेन और पुश्तैनी मुहरें (कुल वजन करीब 1 किलो/110 तोला)।
चांदी: लगभग 2 किलो जेवरात।
नकदी: 20 लाख रुपये (15 लाख मक्का की फसल बेचने के और 5 लाख घर की बचत)।
बता दें कि चंद्रप्रकाश के बेटे देवेंद्र गुना में पटवारी हैं, जबकि महेंद्र और विशाल गांव में ही खेती संभालते हैं। परिवार के पास 130 बीघा जमीन है।
रामवीर सिंह के घर भी बोला धावा
उसी रात चोरों ने रामवीर सिंह रघुवंशी के घर का ताला भी चटकाया। परिजन शिवकुमार ने बताया कि चोर यहां से 12 तोला सोना, आधा किलो चांदी और करीब 4 हजार रुपये नकद ले उड़े। एक ही रात में हुई इन दो बड़ी चोरियों ने पुलिस गश्त की पोल खोल दी है।
पुलिस जांच और सीसीटीवी की तलाश
सूचना मिलते ही इंदार थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस अब गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग मिल सके। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।


