मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ शहर के एमएस रोड पर बीती रात एक तेज रफ्तार ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो कार चालक ने सड़क पर तांडव मचा दिया। कार पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने लगने वाले हाथ ठेलों में जा घुसी।
तेज रफ्तार का कहर
घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो तेज गति से आ रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ठेलों से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई ठेले क्षतिग्रस्त हो गए।
भीड़ नहीं होने से बड़ी घटना टली
गनीमत रही कि घटना के समय वहां अधिक भीड़ नहीं थी, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के संबंध में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
ठेला संचालकों में दिखा आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय ठेला संचालकों में आक्रोश है। उनका कहना है कि देर रात तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने से आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।


