कटनी – माई नदी किनारे लंबे समय से चल रहे अवैध पक्के निर्माण पर नगर निगम की टीम ने सोमवार को फिर से बड़ी कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, सरकारी अवकाश का फायदा उठाकर संबंधित पक्ष ने नियमों को दरकिनार करते हुए निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया था।
करीब एक सप्ताह पहले निगम आयुक्त तपस्या परिहार को इस अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी, जिसके बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण सामग्री जब्त करते हुए कार्य को रुकवाया था। हालांकि कुछ दिनों तक निर्माण बंद रहा, लेकिन बाद में फिर से गुपचुप तरीके से काम शुरू कर दिया गया।
सोमवार को निगम की टीम ने दोबारा मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को रोकते हुए सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने कहा कि नदी किनारे किसी भी तरह का पक्का निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
सूत्रों के अनुसार, निगम अब इस प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहा है, जिसके आधार पर संबंधित व्यक्ति या ठेकेदार के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
