मनोज नामदेव/सिवनी/खबर डिजिटल/ लखनादौन से मंडला होते हुए छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाली एमपीआरडीसी की महत्वपूर्ण सड़क पर घंसौर रेलवे स्टेशन के पास बना रेलवे अंडर ब्रिज इन दिनों बड़ी परेशानी का कारण बन गया। इस अंडर ब्रिज के नीचे एक भारी ट्रक, जिसमें बड़े-बड़े पाइप लदे हैं, पिछले तीन दिनों से फंसा हुआ है।
रेलवे विभाग की लापरवाही उजागर
बताया जा रहा है कि ट्रक की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह अंडर ब्रिज के नीचे से नहीं निकल पाया और बीच में ही अटक गया। हैरानी की बात यह है कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद रेलवे विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ऊपर से लगातार ट्रेनें गुजर रही हैं, जबकि नीचे ट्रक चालक और अन्य लोग अपने स्तर पर ट्रक निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
वन-वे ट्रैफिक से बढ़ी यात्रियों की परेशानी
ट्रक फंसे होने के कारण अंडर ब्रिज का एक हिस्सा पूरी तरह जाम हो गया है, जिससे फिलहाल सड़क पर वन-वे ट्रैफिक चलाया जा रहा है। इससे दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने जल्द से जल्द ट्रक हटाकर यातायात सामान्य करने की मांग की है।


