उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ उज्जैन के दशहरा मैदान में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों द्वारा श्रीमद्भगवद् गीता के 15वें अध्याय के सस्वर पाठ से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इस अवसर पर साधु-संतों सहित विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा और महापौर मुकेश टटवाल मंच पर उपस्थित रहे और बच्चों के अद्भुत वाचन की सराहना की।
तीन दिवसीय सांस्कृतिक श्रृंखला
महोत्सव के तहत 1 से 3 दिसंबर तक उज्जैन में तीन दिवसीय सांस्कृतिक श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
पहला दिन: नृत्य-नाटिका प्रस्तुतियां
दूसरा दिन: काव्य पाठ एवं नाट्य मंचन
तीसरा दिन: चित्र-प्रदर्शनी और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम
श्रीमद्भगवद् गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक पाठ
कार्यक्रम की विशेषता यह है कि पूरे मध्यप्रदेश में 3 लाख से अधिक भक्त एक साथ श्रीमद्भगवद् गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक पाठ करेंगे, जो एक अद्वितीय आध्यात्मिक संगम का निर्माण करेगा। उज्जैन में आयोजित यह अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव न सिर्फ धार्मिक आस्था को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक समरसता का अनूठा संदेश भी दे रहा है।


