सिवनी/ संतोष बंदेवार/ खबर डिजिटल/ कान्हीवाड़ा स्थित भारतीय विद्या मंदिर के करीब 125 छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत सत्र 2025-26 के लिए कक्षा आठवीं तक अशासकीय स्कूलों की मान्यता नवीनीकरण संबंधी प्रथम अपील को कलेक्टर, जिला सिवनी ने आदेश क्रमांक 0028/ऑब्लिक अपील/2025-26 दिनांक 4 अगस्त 2025 के जरिए अमान्य कर दिया है। आदेश के अनुसार विद्यालय वर्तमान में मान्यता प्राप्त नहीं है और सभी विद्यार्थियों को तत्काल टीसी जारी कर दाखिल-खारिज रजिस्टर सहित आवश्यक दस्तावेज संकुल केंद्र में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नियमों के विपरीत 9वीं-10वीं की पढ़ाई
इसके बावजूद स्कूल में कक्षा 1 से 10वीं तक पढ़ाई जारी होने की बात सामने आई है। मौके पर पहुंची टीम ने 9वीं और 10वीं की कक्षाएं संचालित होते देखीं। जबकि विभाग पहले ही मान्यता निरस्त कर चुका है। स्कूल परिसर में गंदगी और अव्यवस्था भी देखी गई, जिससे प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रबंधन का दावा, प्रशासन अनजान
प्रधानाचार्य का कहना है कि छात्रों को 7 किलोमीटर दूर भोमा स्थित एक अन्य विद्यालय से मैप किया गया है और परीक्षाएं वहीं कराई जाएंगी। वहीं संकुल प्रभारी प्रचार ने स्पष्ट किया कि विद्यालय द्वारा मान्यता संबंधी कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। पूरे मामले ने प्रशासनिक निगरानी और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


