कान्हीवाड़ा/बंडोल/ संतोष बंदेवार/ खबर डिजिटल/ कान्हीवाड़ा से बंडोल प्रधानमंत्री सड़क मार्ग पर स्थित भीमगढ़ दी तट नहर की संकीर्ण पुलिया एक बार फिर हादसे का कारण बनते-बनते बची। मंगलवार रात लखनादौन से सवारी छोड़कर कान्हीवाड़ा लौट रही एक बोलेरो गाड़ी पुलिया पर अनियंत्रित हो गई। संकीर्ण मार्ग और अंधेरे के कारण वाहन नहर की खाई की ओर बढ़ गया, लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
बोलेरो में सवार सभी यात्रियों को स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस पुलिया पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिया की चौड़ाई कम होने और सुरक्षा इंतजामों के अभाव में यहां हमेशा खतरा बना रहता है।
घटना के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एम. नईम खान ने प्रधानमंत्री सड़क योजना के अधिकारियों और जिला कलेक्टर से पुलिया का निरीक्षण कर शीघ्र चौड़ीकरण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इस संकीर्ण पुलिया का चौड़ीकरण और सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की है, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके।


