दावोस/खबर डिजिटल। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम–2026 के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने United Consciousness Global के प्रतिनिधिमंडल से भेंट कर योग और सांस्कृतिक संवाद से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा की। बैठक में योग के वैश्विक प्रसार, आश्रमों और योग केंद्रों की स्थापना से जुड़े प्रयासों पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने United Consciousness Global द्वारा योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, विशेष रूप से जर्मनी सहित यूरोपीय देशों में लोकप्रिय बनाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा होने के साथ-साथ आज वैश्विक स्वास्थ्य, चेतना और जीवनशैली का साझा मंच बन चुका है।
उज्जैन में स्थायी योग केंद्र की योजना
United Consciousness Global के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि वर्ष 2027 में उज्जैन में United Consciousness Global सम्मेलन आयोजित करने की योजना है। यह आयोजन कालिदास अकादमी में प्रस्तावित है, जिसमें विभिन्न देशों से योग, ध्यान और चेतना से जुड़े विशेषज्ञों के शामिल होने की संभावना है।
संगठन ने उज्जैन में स्थायी योग केंद्र स्थापित करने की मंशा भी व्यक्त की।
आध्यात्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार योग, आध्यात्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देने वाले प्रयासों पर सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक रूप से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि उज्जैन जैसे आध्यात्मिक नगर में योग और ध्यान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से राज्य की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी।


