MP BJP News : प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा नेताओं ने किया दावा

भोपाल : प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने अलग सत्रों में अपना उद‍्बोधन दिया। जबकि राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष संपर्क अभियान के बारे में जानकारी दी। इन नेताओं ने कहा कि  केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की उपलब्धियों पर हम सभी को गर्व है और जब कार्यकर्ता गर्व तथा उत्साह से भरे होंगे तो 2023 और 2024 में हमारी जीत को कोई नहीं रोक सकता। इससे पहले  पिछली कार्यसमिति की बैठक की कार्रवाई का अनुमोदन प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा द्वारा किया गया एवं दिवंगत नेताओं, पार्टीजनों को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में  सभी मोर्चों के अध्यक्षों ने अपने-अपने अभियानों की जानकारी दी।

स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा मोदी सरकार का कार्यकाल

केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी की सरकार ने देश की स्थिति को सुधारा और आज भी उस सरकार के कार्यकाल की कोई आलोचना नहीं कर सकता। वाजपेयी जी के बाद अब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली पूर्ण बहुमत की सरकार है जो और भी सशक्त है। मोदी सरकार ने ऐसे काम किए हैं कि उनका कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। हमारे अनेक युवा साथियों को यह पता नहीं होगा कि 2003 से पूर्व मप्र की स्थिति कैसी थी ?  न सडक, न बिजली और न पानी था। लेकिन आज हम गर्व से कह सकते हैं कि प्रदेश में मौलिक आवश्यकता की हर चीज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के कुशल नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने मुहैया कराई है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार द्वारा लागू की गई रोजगार शिक्षा गारंटी योजना का उदाहरण देते हुए बताया कि इस योजना कैसे युवक के पाॅयलट बनने के सपने को साकार किया। 
उन्होंने कहा कि इसी तरह प्रधानमंत्री   नरेंद्र मोदी की सरकार की योजनाएं लोगों का जीवन बदल रही हैं। इन योजनाओं के लाभार्थी हर घर में मौजूद हैं। हमें इन लाभार्थियों से संपर्क करना होगा। 

बुजुर्ग कार्यकर्ताओं से अवश्य मिलेंं:  कैलाश  

 राष्ट्रीय महासचिव  कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मप्र के कार्यकर्ता जैसे गंभीर, समझदार कार्यकर्ता पूरे देश में देखने को नहीं मिल सकते।  यह स्व. कुशाभाऊ ठाकरे द्वारा सींची गई खेती है, जिसे कोई पराजित नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी जब भी किसी जिले में जाएं, तो उन बुजुर्ग कार्यकर्ताओं से अवश्यक मिलें, जिन्होंने प्रदेश में संगठन को खड़ा करने में योगदान दिया है। उन्होंने कर्नाटक चुनाव परिणाम का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 37 सीटें ऐसी रही हैं,  जिनमें पार्टी प्रत्याशी मात्र 500 से 9000 वोटों से पराजित हुए हैं। हमारे पास सब कुछ है। हमारी सरकारें विकास के कीर्तिमान गढ़ रही हैं और लोगों का जीवन बदलने का काम कर रही हैं। सरकार की योजनाओं को लेकर अगर प्रदेश के सभी कार्यकर्ता मैदान में उतर जाएं, तो हमारी जीत सुनिश्चित है।

सौ फीसदी काम पूरा करें : हितानंद   

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा,हमने स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जयंती से बूथ सशक्तीकरण अभियान शुरू किया था, जिसके तहत पूरे देश में 75 लाख एंट्री की गई हैं, जिनमें से 37 लाख मप्र की हैं। प्रदेश की 100 विधानसभाओं में 90 प्रतिशत से अधिक काम किया जा चुका है। हम अब तक 80 प्रतिशत से अधिक पन्ना प्रमुखों की नियुक्तियां कर चुके हैं, लेकिन हमें 100 फीसदी काम पूरा हो जाने तक रुकना नहीं है। उन्होंने कहा, बूथ सशक्तिकरण का भी दूसरा चरण बूथ विजय संकल्प अभियान चल रहा है। अब तक 5948 क्लस्टर और 719 मंडलों में यह अभियान शुरू हो चुका है। इसमें शक्ति केंद्रों पर संगत, पंगत और खेलों के कार्यक्रम होंगे तथा कार्यकर्ता बूथ जीतने का संकल्प लेंगे। इस अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की सहभागिता रहनी चाहिए। 

 जीत दिलाएगा विशेष संपर्क अभियान

बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे राष्ट्रीय राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 30 मई से एक माह का विशेष  अभियान चलाया जाएगा। इसी से आगामी चुनाव का शंखनाद होगा, जिसमें हमें मोदी सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों तथा प्रदेश सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाना है।   चुघ ने कहा कि इस अभियान के लिए राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश, जिला और मंडल स्तर तक समितियों का गठन होगा।   अभियान के दौरान 16 लाख से अधिक कार्यकर्ता करोड़ों लोगों से संपर्क करेंगे और उनसे मिस्ड कॉल कराकर मोदी सरकार के लिए समर्थन मांगेंगे। उन्होंने अभियान के बारे में बताया कि इस एक महीने में  विशिष्ट परिवारों से संपर्क, पत्रकारवार्ता, सोशल मीडिया एन्फ्लूएंशर्स के साथ बैठक, व्यापारियों के साथ बैठक, विकास तीर्थों का भ्रमण,  वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ भोजन तथा लाभार्थी सम्मेलन जैसे अनेक कार्यक्रम होंगे।   अभियान के दौरान देश में 51 बड़ी रैलियां होंगी और हर लोकसभा में एक सभा होगी। 30-31 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सभा के माध्यम से इस अभियान का शुभारंभ करेंगे।  चुघ ने कहा कि एक महीने का यह अभियान हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह हमें 2023 तथा 2024 में होने वाले चुनावों में जीत दिलाएगा।

  ऐसे काम पहले कभी नहीं हुए: आर्य

अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि प्रदेश में आजादी के बाद 47 सालों तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन कभी किसी सरकार ने अनुसूचित जाति के भाई-बहनों का महाकुंभ आयोजित करने की बात नहीं सोची। प्रदेश की शिवराज सरकार ने फरवरी में सागर में तीसरा महाकुंभ आयोजित किया था, जिसमें समाज के एक लाख से अधिक लोग मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस महाकुंभ में मुख्यमंत्री   शिवराजसिंह चौहान ने सागर में 100 करोड़ की लागत से संत रविदास मंदिर की बनाने की घोषणा की थी, जिसका भूमिपूजन जल्द ही होने वाला है।   

मध्यप्रदेश दिल्ली के लिए मजबूत खंभा है : राव 

प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने  कहा, देश में अगर सरकार चलाना किसी को आता है तो भाजपा को आता है।  हम चुनाव जीत रहे हैं और डंके की चोट पर जीत रहे हैं। मप्र दिल्ली के लिए मजबूत खंबा है। जैसा इतिहास गुजरात में रचा, वैसा मप्र में भ्ाी दोहराएंगे। हमारी चुनौती कांग्रेस नहीं, जीत का इतिहास बनाना है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार ही कांग्रेस की पहचान है। सिंचाई और कृषि में मध्यप्रदेश ने रिकार्ड बनाया है और रोल मॉडल बना है, इसका श्रेय पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री को है।   अनुसूचित जाति और जनजाति क्षेत्रों में भाजपा रिकार्ड सीट जीतेगी। समाज को एक रखने का काम भाजपा ही कर सकती है।   राव ने कहा कि भाजपा की छाती खोलेंगे तो अजा, अजजा ही निकलेंगे जैसे हनुमान की छाती में राम सीता निकले थे। भारत में टुकड़े टुकड़े गैंग के साथ कोई खडा है तो वह कांग्रेस है। कांग्रेस के नेता ऐसे लोगों के साथ जुड़े हुए हैं, जिन्हें हमें सोशल मीडिया के माध्यम से उजागर करना है। 

मप्र संगठनात्मक दृष्टि से बहुत आगे : जामवाल 

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि मप्र के कार्यकर्ता आदर्श के रूप में हंै। उन्होंने गुजरात की जीत का उदाहरण देते हुए कहा कि मप्र संगठनात्मक दृष्टि से बहुत आगे है।  कुशाभाऊ ठाकरे से लेकर स्व. प्यारेलाल खण्डेलवाल ने कार्यकर्ता गढने का काम किया है। संगठन और सरकार के कार्यो की दृष्टि से मप्र देश का नंबर वन राज्य है। केन्द्र और प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी कार्यो के प्रदेश में हर घर में लाभार्थी है, उन्हें भारतीय जनता पार्टी से जोडने का काम करना है। हमारे पूर्वजों ने हमें मंडल स्तर तक मजबूत किया है और अब हम सभी मिलकर शक्ति केन्द्र को मजबूत करें। आज हम देश और प्रदेश का विकास कर रहे हैं। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment