इंदौर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में सियासी खींचतान की खबरों के बीच एक और नया मोड़ दिखाई दिया है। समय-समय पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को लेकर कहा जा रहा है कि सरकार से कई मुद्दों पर वो नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। कैबिनेट की बैठक में भी प्रत्यक्ष रुप से शामिल होने की बजाय वर्चुअल तरीके से जुड़ते नजर आते हैं। वहीं अब उनके बेटे पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को पत्र लिखकर नाराजगी जाहिर की।
पत्र में क्या खास?
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को पत्र लिखकर अपने पिताजी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा के अंतर्गत आने वाले बाणगंगा इलाके में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर नाराजगी जाहिर की है। जिस पर उन्होंने तत्काल रोक लगाने की मांग की। पत्र में आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि बाणगंगा थाना इलाके में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की बहुत ज्यादा शिकायतें सामने आ रही है, जिम्मेदार अधिकारियों को जानकारी देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिस पर तत्काल रोक लगाने के लिए माकूल कदम उठाए जाए।
किन अधिकारियों से नाराजगी?
प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे होने के बावूजद आकाश विजयवर्गीय की मांग पर किन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया, जबकि मुद्दा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री से जुड़ा हुआ है। इस मामले की शिकायतें मिलने की बात कही जा रही है, तो वाजिब है कि जनता ने ही अपनी पीड़ा आकाश विजयवर्गीय तक पहुंचाई होगी, हालांकि अब देखना होगा कि क्या उनकी मांग पूरी हो पाती है, या फिर एक बार फिर सियासी खींचतान का नया खेल शुरु होगा।









