बिहार के मोकामा से विधायक और जनता दल यूनाइटेड (JDU) से निष्कासित नेता अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी की शादी को लेकर सुर्खियों में हैं. शादी को यादगार बनाने के लिए उन्होंने तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी है. करीब 3 करोड़ रुपये की लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर से लेकर 10 एकड़ से ज्यादा जमीन पर भव्य आयोजन तक, इस शादी में शाही अंदाज की हर झलक देखने को मिलेगी. समारोह में बॉलीवुड और भोजपुरी जगत के कलाकारों के साथ देश की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियों को भी न्योता भेजा गया है.
25 नवंबर को होगी बेटी शिवांगी की शादी
अनंत सिंह, जिन्हें बिहार की राजनीति में 'छोटे सरकार' के नाम से भी जाना जाता है, अपनी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियों में जुटे हैं. 25 नवंबर को शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से होगी. अंकित पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे हैं. उन्होंने एमबीए की पढ़ाई की है और करीब 11 साल तक अमेरिका में रह चुके हैं.
शादी के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की कीमत वाली लैंड रोवर डिफेंडर लदमा गांव पहुंच चुकी है. इस गाड़ी को लेकर इलाके में पहले से ही काफी चर्चा है. वहीं, अनंत सिंह अपने सबसे छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी इसी आयोजन के दौरान कराने की तैयारी कर रहे हैं. इसके लिए उन्होंने बेटे को बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट की है.
घुड़दौड़ के लिए अलग मैदान, विजेताओं को मिलेंगे बड़े इनाम
शादी समारोह का आयोजन 10 बीघा से ज्यादा जमीन पर किया जा रहा है. इसके अलावा करीब 12 बीघा में अलग से मैदान तैयार कराया जा रहा है, जहां 25 नवंबर को घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी. इसमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा समेत कई राज्यों के घुड़सवार हिस्सा लेने पहुंचेंगे.
अनंत सिंह के सहयोगी मनीष कुमार के मुताबिक, प्रतियोगिता जीतने वाले को एसयूवी, दूसरे स्थान पर रहने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान के विजेता को स्कूटर दिया जाएगा.
चार लाख मेहमानों के पहुंचने का अनुमान
इस भव्य आयोजन में करीब चार लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. मेहमानों की संख्या बढ़ने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए भी इंतजाम किए जा रहे हैं. बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों के अलावा संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की छह मॉडल्स को भी आमंत्रित किया गया है.
पीएम मोदी को भी न्योता देंगे अनंत सिंह
शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा, 'हां देंगे'. इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह शादी की तैयारियों पर चर्चा करते नजर आए.
अनंत सिंह ने कहा कि उनके परिवार से प्यार रखने वाला हर व्यक्ति इस समारोह में आमंत्रित है. उनके मुताबिक, जनता उनके लिए भगवान के समान है और कोई भी व्यक्ति कहीं से आए, उसका स्वागत किया जाएगा. उन्होंने बताया कि दोस्तों, शुभचिंतकों और करीबियों को निमंत्रण भेजा जा रहा है. जिन लोगों के फोन नंबर उपलब्ध हैं, उनसे भी संपर्क किया जा रहा है.









