इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर में पारिवारिक विवाद के बाद कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ मारपीट करने, अपशब्द कहने और धमकी देने के आरोप में राजेंद्र नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बुधवार सुबह कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे के घर के पास से लोकेश हार्डिया को हिरासत में लिया। मंगलवार को अमित हार्डिया की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि लोकेश हार्डिया हीरानगर इलाके में कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे के यहां मौजूद हैं। इसके बाद राजेंद्र नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया।
अमित हार्डिया की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
राजेंद्र नगर पुलिस ने पारसी मोहल्ला, जीपीओ निवासी अमित हार्डिया की शिकायत पर लोकेश हार्डिया पिता मनमोहन हार्डिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में अमित ने आरोप लगाया कि लोकेश ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करने के साथ धमकी भी दी।
अस्पताल में शुरू हुआ था विवाद
अमित ने पुलिस को बताया कि उनके भतीजे सुमित हार्डिया के बेटे आराध्य के पैर गर्म पानी से जल गए थे। बच्चे को इलाज के लिए चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान अमित की बहू बरखा का भाई लोकेश अस्पताल पहुंचा। आरोप है कि लोकेश ने अमित से पूछा कि उन्होंने उसकी बहन बरखा पर बच्चे के पैर जलने की जिम्मेदारी क्यों डाली। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। अमित का आरोप है कि लोकेश ने उन्हें अपशब्द कहे और लात-घूंसों से मारपीट की। इसके बाद अमित ने राजेंद्र नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
रात में भी घर पहुंची थी पुलिस की टीम
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने लोकेश की तलाश शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात पुलिस की टीम दो बार उनके घर पहुंची, लेकिन वे वहां नहीं मिले। बुधवार सुबह उनके कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे के यहां होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा
इस मामले में राजनीतिक पहलू भी सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, लोकेश हार्डिया सोशल मीडिया पर भाजपा से जुड़े नेताओं और पार्टी को लेकर पोस्ट व कमेंट करते रहते हैं। इस वजह से भाजपा नेताओं की ओर से उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव बनाए जाने की चर्चाएं हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के आदेश पर टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी।









