भोपाल/खबर डिजिटल/मध्यप्रदेश में काफी दिनों पहले निगम-मंडल, प्राधिकरणों में शुरु हुई नियुक्तियों पर ब्रेक लग गया है। नेताओं के बीच आम सहमति नहीं बनने या स्थानीय समीकरणों के उलझने के चलते नियुक्तियां नहीं हो पाई है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव रात 9 बजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के घर पहुंचेंगे। वहां उनसे मुलाकात संभावित है।जानकारी मिल रही है कि कुछ महत्वपूर्ण रुकी हुई नियुक्तियों और प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर हेमंत और मोहन के बीच आज चर्चा होनी है।
इन निगम-मंडल, प्राधिकरणों में पद खाली
एमपी के इंदौर विकास प्राधिकरण, भोपाल विकास प्राधिकरण, बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण, पचमढ़ी विकास प्राधिकरण, कटनी विकास प्राधिकरण, मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड, मध्यप्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम, मध्यप्रदेश खनिज विकास विभाग, मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम, अल्पसंख्यक वित्त आयोग, महिला वित्त एवं विकास निगम, मध्यप्रदेश बीज विकास निगम, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम में विभिन्न पदों पर नियुक्तियां होना है, जिस पर नए सिरे से बात बन सकती है।
हेमंत खंडेलवाल ने रखा दीवाली मिलन समारोह
भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के सभी विधायक आज हेमंत खंडेलवाल के भोपाल प्रोफेसर कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचेंगे। हेमंत खंडेलवाल ने आज दिवाली मिलन समारोह रखा है, जिसमें सीएम मोहन यादव के शामिल होने की बात सामने आ रही है। इस दौरान ही दोनों के बीच गुप्त चर्चा भी हो सकती है। जिसमें निगम-मंडल, प्राधिकरणों में नियुक्तियों के नाम फाइनल होने की संभावना जताई जा रही है।









