कटनी,विजयराघवगढ़ में प्रियदर्शनी विपणन केंद्र बंजारी में धान खरीदी व्यवस्था बदहाल, किसान परेशान
कटनी – विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बंजारी स्थित प्रियदर्शनी विपणन केंद्र में इन दिनों धान खरीदी पूरी तरह राम भरोसे चल रही है। केंद्र पर भारी अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जिससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
किसानों का आरोप है कि खरीदी प्रभारी अक्सर केंद्र पर मौजूद नहीं रहता, जिससे अव्यवस्थाएं बढ़ती जा रही हैं। धान की तौल के दौरान कचरा और धूल साफ करने के लिए पंखे तक की व्यवस्था नहीं है, जिससे सही तौल को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे बड़ी परेशानी यह है कि केंद्र पर किसानों के बैठने के लिए न तो छाया है और न ही अन्य बुनियादी सुविधाएं। घंटों लाइन में खड़े किसान धूप में इंतजार करने को मजबूर हैं। वहीं, धान की बोरी-टू-बोरी बार-बार पलटी जा रही है, जिससे धान खराब होने का भी खतरा बना हुआ है।
किसानों का कहना है कि इतनी गंभीर अव्यवस्थाओं के बावजूद प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। न तो समय पर निरीक्षण हो रहा है और न ही जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि
केंद्र पर नियमित खरीदी प्रभारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए
तौल व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए
छाया, बैठने और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं
अव्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो
अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है या किसानों को यूं ही परेशान होना पड़ेगा।


