खबर डिजिटल. अंकित झारिया.उमरियापान:- बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार से नवीन कौशल विकास भवन एवं कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की मांग की है।विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस संबंध में राज्य मंत्री, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल को पत्र लिखकर अवगत कराया कि वर्तमान में बड़वारा क्षेत्र में किसी भी प्रकार का कौशल विकास केंद्र उपलब्ध नहीं है। जिसके चलते स्थानीय शिक्षित युवा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने मांग रखी कि युवाओं को स्वावलंबी बनाने और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए बड़वारा, देवरी हटाई और सिलौंड़ी में नवीन कौशल केंद्र की स्थापना तथा ढीमरखेड़ा में नवीन भवन निर्माण आवश्यक है।
मुरवारी में सौर ऊर्जा प्लांट लगाने की मांग की तेज:- इसी क्रम में विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने क्षेत्र में औद्योगिक विकास और नवीन रोजगार अवसरों की दृष्टि से मुरवारी में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने की भी मांग उठाई है। भाजपा नेता योगेंद्र सिंह ने बताया कि विधायक ने मध्यप्रदेश शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला को पत्र लिखकर कहा है कि ढीमरखेड़ा जनपद के मुरवारी ग्राम एवं आसपास लगभग 10 हजार एकड़ भूमि औद्योगिक उपयोग के लिए चिन्हित की गई थी, जिसमें से 500 एकड़ भूमि विशेष रूप से सौर ऊर्जा के लिए सुरक्षित रखी गई थी।विधायक ने कहा कि इस भूमि पर सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित कर क्षेत्र का बहुआयामी विकास और युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सुनिश्चित किए जा सकते हैं।


