इंदौर/नरेंद्र महावर/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक आवश्यक सूचना जारी कर परीक्षार्थियों को आगाह किया है। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को धोखाधड़ी बचाना और सतर्क करना है। यह कदम आयोग में वर्तमान में चल रहे विभिन्न साक्षात्कारों के बीच उठाया। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति भर्ती या साक्षात्कार में पास कराने के नाम पर राशि की मांग करता है, तो तुरंत उसकी शिकायत आयोग के ईमेल पर कर सकते हैं।
MPPSC परीक्षा पूरी तरह से निष्पक्ष – आयोग
आयोग ने वेबसाइट पर जारी नोटिस में साफ लिखा है कि कार्यालय में आने वाले आगंतुकों को सूचित किया जाता है कि आयोग में साक्षात्कार एवं परीक्षा मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और योग्यता के आधार पर होती है। साथ ही कहा गया है, ‘यदि आयोग कार्यालय या बाहर का कोई व्यक्ति परीक्षा या साक्षात्कार में उत्तीर्ण कराने का आश्वासन देता है अथवा किसी कार्य के बदले किसी प्रकार की राशि की मांग करता है, तो उसकी शिकायत सचिव, लोक सेवा आयोग के ईमेल secretary-mp@nic.in पर की जा सकती है। प्राप्त शिकायत को पूर्णतया गोपनीय रखा जाएगा।’
सतर्कता के तौर पर दी आवश्यक सूचना
MPPSC इंदौर की और से जारी बयान में कहा गया है कि यह एक सतर्कता के तौर पर जारी की गई है। उन्होंने बताया, ‘अभी लगातार इंटरव्यू चल रहे हैं। इंटरव्यू के परिणाम भी आ रहे हैं। सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी, ग्रंथपाल (उच्च शिक्षा) के अलावा विशेषज्ञ मेडिकल ऑफिसर के भी इंटरव्यू चल रहे हैं। यह आवश्यक सूचना इस वर्ष सतर्कता के तौर पर जारी की गई है।’
अभ्यर्थियों ने दिया धन्यवाद
काफी समय से परीक्षा की तैयारी कर रहे लोगों में भ्रम पैदा करने वाले लोगों के लिए ये आदेश परेशानी का सबब होगा, क्योंकि कई बार बेवजह सेटिंग वाली अफवाहों के कारण अभ्यर्थी परेशान हो जाते हैं। जिसके चलते आदेश को लेकर अभ्यर्थियों ने आयोग को धन्यवाद दिया।


