नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज की समीक्षा की। बैठक में मंत्रियों के प्रदर्शन, सरकार की योजनाओं की प्रगति और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में किए गए प्रयासों का जायजा लिया गया। खास तौर पर सितंबर में आयोजित चिंतन शिविर के दौरान मंत्रियों को सौंपे गए कार्यों और लक्ष्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
तीन प्रेजेंटेशन किए किए प्रस्तुत
बैठक के दौरान कुल तीन प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए गए। इनमें गरीबी उन्मूलन, गरीबों के जीवन स्तर में सुधार और देश से वामपंथी उग्रवाद यानी नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में किए जा रहे प्रयास प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और मंत्रालयों के कामकाज की स्थिति पर भी जानकारी दी गई।
गरीबी उन्मूलन और नक्सलवाद के खात्मे पर फोकस
बैठक में गरीबी कम करने और जरूरतमंद वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों में सरकार की रणनीति और नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति पर भी मंथन हुआ।
मंत्रियों के कामकाज और योजनाओं की डिलीवरी की समीक्षा
प्रधानमंत्री ने मंत्रालयों के प्रदर्शन और उन्हें दिए गए लक्ष्यों के मुताबिक कामकाज की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया। सितंबर के चिंतन शिविर में तय किए गए कार्यों को कितना आगे बढ़ाया गया है और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक किस तरह पहुंच रहा है, इन पहलुओं को भी प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखा गया।
गुड गवर्नेंस पर था जोर
बैठक का मुख्य जोर बेहतर गवर्नेंस, मंत्रालयों की जवाबदेही और तय लक्ष्यों को समय पर हासिल करने पर रहा। इसे केंद्र सरकार के कामकाज की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना को गति देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।









