उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा उत्तर प्रदेश को फिर उसी दौर में ले जाना चाहती है, जिसे उन्होंने ‘गुंडा राज’ और डर का दौर बताया। चिराग ने कहा कि उस समय महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता था। उन्होंने PDA के नाम पर हो रही राजनीति और दलितों के मुद्दे पर भी सपा को घेरा।
सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि इंडिया गठबंधन में कौन कितनी सीटों पर दावा कर रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी चुनावी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी पूरी तरह दब गई है, जबकि सपा उत्तर प्रदेश को पुराने दौर में ले जाने की कोशिश कर रही है।
PDA और दलितों के मुद्दे पर भी उठाए सवाल
चिराग पासवान ने कहा कि सपा और उसके नेता PDA के नाम पर अलग-अलग गठबंधन बनाकर उत्तर प्रदेश को उसी पुराने दौर में वापस ले जाना चाहते हैं। उन्होंने दलितों को सशक्त बनाने के दावों पर भी सवाल उठाए।
चिराग ने कहा कि सपा नेताओं को याद रखना चाहिए कि दलितों को सशक्त बनाने में किसका योगदान रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा जैसी पार्टियों ने अपने शासनकाल में दलितों और वंचित समुदायों का शोषण किया और उन्हें प्रताड़ित किया।
NDA की वापसी का जताया भरोसा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अच्छी तरह जानती है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासनकाल में क्या हुआ था। उन्हें विश्वास है कि प्रदेश की जनता एक बार फिर NDA के नेतृत्व को स्वीकार करेगी।
यूपी में पार्टी के विस्तार की तैयारी
चिराग पासवान ने अपनी पार्टी के विस्तार को लेकर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) लगातार आगे बढ़ रही है। उन्हें उम्मीद है कि जिस तरह दूसरे राज्यों में जनता ने उनकी पार्टी का समर्थन किया है, वैसा ही साथ उत्तर प्रदेश में भी मिलेगा।









