भोपाल/खबर डिजिटल/ स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजों में मध्यप्रदेश के शहरों ने शानदार प्रदर्शन किया है। स्वच्छता के मामले में प्रदेश के कई शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इंदौर और देपालपुर की संयुक्त जोड़ी को देशभर में दूसरा स्थान मिला है। वहीं, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया है। देवास और उज्जैन ने अपनी-अपनी आबादी श्रेणियों में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा रीवा को रिवर फ्रंट श्रेणी में नंबर-1 का पुरस्कार मिला है।
देवास और उज्जैन ने हासिल किया पहला स्थान
सर्वेक्षण के नतीजों में 50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देवास देश में पहले स्थान पर रहा। इसी तरह 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन ने शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर को दूसरा स्थान मिला है। इंदौर और देपालपुर की संयुक्त जोड़ी ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। रिवर फ्रंट श्रेणी में रीवा को पहला स्थान मिलने से प्रदेश की उपलब्धियों में एक और सम्मान जुड़ गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिए पुरस्कार
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेता शहरों को स्वच्छता पुरस्कार प्रदान किए। इस सर्वेक्षण में देशभर के 4751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया। इसमें सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता से जुड़े विभिन्न मानकों के आधार पर शहरों का प्रदर्शन परखा गया।
इंदौर-देपालपुर की साझेदारी बनी उपलब्धि का आधार
इंदौर और देपालपुर की संयुक्त उपलब्धि के पीछे दोनों शहरों के बीच स्वच्छता व्यवस्था, संसाधनों और तकनीक को साझा करने की पहल को अहम माना जा रहा है। बेहतर समन्वय और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था ने इस प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उज्जैन में कचरे से उपयोगी उत्पाद बनाने के नवाचार
उज्जैन में स्वच्छता अभियान के तहत कई नए प्रयोग किए जा रहे हैं। मंदिरों से निकलने वाले फूलों से अगरबत्ती और गुलाल तैयार किया जा रहा है। पुराने कपड़ों को उपयोग में लाकर पेपर बैग बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा गीले कचरे से बिजली बनाने की पहल भी की जा रही है। स्वच्छता सर्वेक्षण के इन नतीजों ने मध्यप्रदेश के शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। अलग-अलग आबादी श्रेणियों में प्रदेश के शहरों की उपलब्धियां स्वच्छता प्रबंधन और नवाचारों की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती हैं।









