UPSC CSE Result 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। जारी मेरिट सूची के अनुसार राजस्थान के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। तमिलनाडु की राजेश्वरी सुवे दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि हरियाणा के पंचकूला निवासी एकांश ढुल ने तीसरा स्थान हासिल किया।आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस वर्ष कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित अन्य ग्रुप-‘ए’ और ग्रुप-‘बी’ सेवाओं में की जाएगी।
तीन चरणों में होती है चयन प्रक्रिया
सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इसकी चयन प्रक्रिया तीन चरणों प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से पूरी होती है। इन सभी चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों को अंतिम मेरिट सूची में स्थान दिया जाता है।
शीर्ष स्थान हासिल करने वाले उम्मीदवार
इस वर्ष की मेरिट सूची में देश के विभिन्न राज्यों के उम्मीदवारों ने स्थान बनाया है। दूसरे स्थान पर रहीं राजेश्वरी सुवे और तीसरे स्थान पर रहे एकांश ढुल ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
प्रेरणादायक उपलब्धियां
इस वर्ष के परिणाम में कई प्रेरक कहानियाँ भी सामने आई हैं। उत्तर प्रदेश के शामली की आस्था जैन ने नौवीं रैंक हासिल की है। उनके पिता एक छोटी किराना दुकान चलाते हैं। आस्था पहले भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयनित हो चुकी थीं, लेकिन भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने के लक्ष्य के साथ उन्होंने दोबारा परीक्षा दी और इस बार उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
रिक्तियों का विवरण
आयोग के अनुसार सिविल सेवा परीक्षा 2025 के लिए कुल 1,087 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। अंतिम परिणाम के बाद चयनित उम्मीदवारों को उनकी रैंक, श्रेणी और वरीयता के आधार पर सेवाएँ आवंटित की जाएँगी।अभ्यर्थी अपना परिणाम और विस्तृत मेरिट सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।


