मध्य प्रदेश में गर्मी ने तेज असर दिखाना शुरू कर दिया है और हालात दिन-ब-दिन गंभीर होते जा रहे हैं. राजधानी भोपाल स्थित मौसम विभाग ने इस सीजन में पहली बार राज्य के 16 जिलों के लिए लू चलने की चेतावनी जारी की है. अनुमान है कि आने वाले चार दिनों तक इन इलाकों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं.
यहां बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांदुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में लू का असर देखने को मिल सकता है. बीते 24 घंटों में प्रदेश के 25 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया. सबसे अधिक तापमान छतरपुर के नौगांव में 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
गर्मी से होगा हाल बेहाल
इसके अलावा खजुराहो में 42.2 डिग्री, रतलाम में 42 डिग्री, नर्मदापुरम में 41.8 डिग्री, सतना में 41.7 डिग्री और मंडला में 41.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. कई अन्य शहरों जैसे सीधी, शाजापुर, टीकमगढ़, धार, खरगोन और रीवा में भी पारा 41 डिग्री के आसपास रहा. वहीं उमरिया, दतिया, श्योपुर, दमोह, रायसेन, गुना, छिंदवाड़ा, बैतूल, खंडवा और सागर जैसे इलाकों में भी तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया. बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 40.2 डिग्री, इंदौर में 40 डिग्री, जबलपुर में 39.9 डिग्री, उज्जैन में 39.7 डिग्री और भोपाल में 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
क्या कहना है मौसम विभाग का
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के व ढीले कपड़े पहनें. हर साल अप्रैल और मई में मध्य भारत में लू का असर बढ़ता है, लेकिन इस बार तापमान में शुरुआती तेजी ने चिंता बढ़ा दी है. इसके पीछे जलवायु परिवर्तन और लगातार शुष्क मौसम को मुख्य वजह माना जा रहा है. आने वाले दिनों में गर्मी और लू का असर और बढ़ सकता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें-New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
यह भी पढें-MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम
यह भी पढ़ें-MP में बिजली ने रुलाया, हुई इतनी महंगी, 1 अप्रैल से लगेगा झटका


