धार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध गांजे की खेती का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा एमपी को नशामुक्त बनाने, कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम धार जिले के थाना मनावर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़िया नाईपुरा में पुलिस ने एक खेत में कपास एवं तुअर की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे के 230 हरे पौधे जप्त किए हैं। इन पौधों का कुल वजन 6 क्विंटल 98 किलोग्राम है, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 74 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
धार पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में धार जिले की थाना मनावर पुलिस एवं चौकी उमरबन पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। 13 नवंबर को चौकी उमरबन पुलिस को मुखबिर से ग्राम बड़िया नाईपुरा में अवैध गांजे की खेती किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की तस्दीक के बाद थाना मनावर एवं चौकी उमरबन के पुलिस बल ने खेत में दबिश दी। तलाशी के दौरान कपास एवं तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे पाए गए, जिन्हें विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
तुअर की फसल के बीच लगाए गांजे के पौधे
पास एवं तुअर की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे को लेकर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा विभिन्न अभियानों के माध्यम से मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।









