नीमच/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के नीमच में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त ने होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। आरोप है कि वे आरटीओ बैरियर नयागांव पर होमगार्ड सैनिक की तैनाती के बदले हर महीने रिश्वत की मांग कर रहे थे। इस मामले में होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह की भूमिका भी सामने आई है। लोकायुक्त की टीम ने यह कार्रवाई नीमच के कोट मोहल्ला स्थित होमगार्ड कार्यालय में की। फिलहाल मौके पर कार्रवाई जारी है।
हर महीने 3 हजार रुपये मांगने का आरोप
लोकायुक्त के मुताबिक, होमगार्ड सैनिक महेश थोरेचा ने 10 नवंबर 2026 को उज्जैन लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद दीक्षित के सामने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान आरटीओ बैरियर नयागांव पर उनकी तैनाती के बदले हर महीने 3 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। आरोप था कि इस रकम की मांग होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से की जा रही थी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले का सत्यापन निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से कराया। जांच के दौरान आवेदक की शिकायत सही पाए जाने पर युवराज सिंह चौहान और बलवंत सिंह के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। निर्धारित कार्रवाई के दौरान डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को शिकायतकर्ता महेश थोरेचा से 3 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
DSP राजेश पाठक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
लोकायुक्त उज्जैन की इस ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी राजेश पाठक के नेतृत्व में टीम शामिल रही। दल में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा के साथ आरक्षक उमेश जाटव, अनिल अटोलिया, इसरार खान, संजीव कुमारिया और श्याम शर्मा मौजूद रहे। फिलहाल होमगार्ड कार्यालय में लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।








