मनीष तिवारी, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में देश भर में एक ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। चार वर्ष पूर्व जब यह कार्यकाल शुरू हुआ था, तब स्वच्छता रैंकिंग में शहर 22वें पायदान पर था। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय शहर के जागरूक नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और विशेष रूप से समर्पित सफाई संरक्षकों की कड़ी मेहनत व अटूट लगन को जाता है, जिन्होंने मिलकर जबलपुर को देश के पटल पर गौरवान्वित करने का संकल्प लिया था।
इस सामूहिक प्रयास और बंद मुट्ठी की तरह एकजुट होकर काम करने वाले पार्षदों व जनप्रतिनिधियों की बदौलत आज शहर में सफाई, सुचारू जल व्यवस्था, बेहतर वायु गुणवत्ता और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इस बड़ी उपलब्धि के साथ ही अब संस्कारधानी और धर्मधानी के रूप में पहचानी जाने वाली यह नगरी 'स्वच्छधानी' के रूप में भी स्थापित हो चुकी है, जिससे पूरे शहर में उत्सव का वातावरण है।








