उत्तराखंड दौरे के दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि हरिद्वार में अगले वर्ष 2027 में अर्धकुंभ होने वाला है, इस आयोजन में सहभागी होने के लिए हम उत्साहित हैं। इसी के साथ ही वर्ष - 2028 में सिंहस्थ का आयोजन हमारे मध्यप्रदेश के उज्जैन में होगा। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए हमारी सरकार तैयारियों में जुटी हुई है।
भारत की आध्यात्मिक चेतना, शौर्य और संस्कृति को समाहित करते हुए देवभूमि राष्ट्रभूमि के रूप में भी विख्यात है। बड़े - बड़े संत और महंत यहाँ निवास कर तपस्या करते हैं।
भगवान राम का जन्म अयोध्या में हुआ लेकिन उन्होंने वनवास के 12 वर्ष मध्यप्रदेश के चित्रकूट में बिताये। बाबा महाकाल की स्थली एवं भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षास्थली उज्जैन हैं, ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि मैं बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से आता हूं। उत्तराखंड बाबा केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे पवित्र धामों की भूमि है। यह देवभूमि सदैव हम सभी को अपनी ओर आकर्षित करती है। मेरे मित्र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह कर्मक्षेत्र भी है, जो मेरे लिए गर्व का विषय है।
सीएम मोहन यादव ने कहा, मुझे इस बात का भी गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में हमारी सभी राज्य सरकारें जनकल्याणकारी कार्यों के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही हैं। यहां का पवित्र संगीत, समृद्ध संस्कृति और मां गंगा की पावन धारा हम सभी को सदैव आकर्षित करती है।








