गर्मियों या बरसात के मौसम में घर में छिपकलियों का दिखना एक आम समस्या बन जाती है. दीवारों, छत के कोनों और रसोई के आसपास इनका घूमना कई लोगों को परेशान करता है. खासकर जिन लोगों को छिपकली से डर लगता है, उनके लिए यह स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है. हालांकि राहत की बात यह है कि कुछ आसान तरीकों को अपनाकर आप बिना किसी केमिकल के भी इन्हें घर से दूर रख सकते हैं.
क्यों घर में आती है छिपकलियां
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि छिपकलियां आखिर घर में आती क्यों हैं. दरअसल ये ऐसे स्थानों की ओर आकर्षित होती हैं जहां उन्हें खाने के लिए कीड़े मकोड़े आसानी से मिलते हैं. अगर घर में मच्छर, मक्खी या अन्य छोटे कीड़े ज्यादा हैं, तो छिपकलियों का आना भी बढ़ जाता है. इसलिए घर को साफ रखना और कीड़ों को नियंत्रित करना बेहद जरूरी है. इससे छिपकलियों की संख्या अपने आप कम हो सकती है.
ऐसे घर से भगाएं छिपकली
छिपकलियों को भगाने के लिए कुछ घरेलू चीजें भी काफी असरदार मानी जाती हैं. जैसे लहसुन और प्याज की तेज गंध इन्हें बिल्कुल पसंद नहीं होती. अगर आप घर के कोनों या खिड़कियों के पास लहसुन या प्याज के टुकड़े रख देते हैं, तो छिपकलियां वहां से दूर रहने लगती हैं. इसी तरह नींबू और सिरके का मिश्रण बनाकर स्प्रे करने से भी इन्हें भगाने में मदद मिलती है, क्योंकि इसकी तेज गंध और अम्लीय प्रभाव इन्हें परेशान करता है.
एक और आसान तरीका है अंडे के छिलकों का इस्तेमाल. खाली अंडे के छिलकों को घर के उन हिस्सों में रख दें जहां छिपकलियां ज्यादा दिखती हैं. ऐसा माना जाता है कि ये छिलके उन्हें डराते हैं और वे वहां आने से बचती हैं. इसके अलावा कॉफी पाउडर और तंबाकू का मिश्रण भी एक पारंपरिक उपाय माना जाता है, जिसकी गंध से छिपकलियां दूर भागती हैं.
अगर आप ज्यादा आसान तरीका चाहते हैं, तो बाजार में मिलने वाले इलेक्ट्रॉनिक रिपेलेंट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. ये डिवाइस ऐसी तरंगें छोड़ते हैं जो इंसानों के लिए हानिकारक नहीं होतीं, लेकिन छिपकलियों को असहज महसूस कराती हैं, जिससे वे घर छोड़ देती हैं.
इसके अलावा कुछ छोटी आदतें भी काफी फर्क डाल सकती हैं. जैसे दरवाजों और खिड़कियों को खुला न छोड़ें, दीवारों में मौजूद छोटे छेद या दरारों को बंद कर दें और रात के समय लाइट्स के आसपास सफाई रखें. इससे कीड़े कम होंगे और छिपकलियों का आना भी घटेगा.
ध्यान रखने वाली बात यह है कि छिपकलियों को भगाने के लिए जहरीले केमिकल का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे घर के लोगों और पालतू जानवरों को भी नुकसान हो सकता है. घरेलू उपाय ज्यादा सुरक्षित और असरदार होते हैं.
यह भी पढ़ें- Delhi Bomb Threat: फिर दिल्ली में होगा ब्लास्ट, खतरनाक ईमेल में इस जगह को उड़ाने की मिली धमकी


