नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत और एक वकील के बीच तीखी बहस हो गई। सुनवाई के दौरान वकील ने मुख्य न्यायाधीश पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आप इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और आपमें ईमानदारी नहीं है। वकील की इस टिप्पणी के बाद अदालत में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
वकील के खिलाफ अवमानना का मामला
दरअसल, वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना के एक मामले को लेकर नाराज थे। इसी मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने CJI सूर्यकांत के सामने अपनी आपत्ति जताई। वकील की टिप्पणी पर मुख्य न्यायाधीश ने उनसे कहा, "हम देखेंगे, आप थोड़ा इंतजार कीजिए।" इस पर वकील ने जवाब दिया कि वे इंतजार नहीं करेंगे।
जस्टिस मोहना ने वकील को रोका
सुनवाई के दौरान बेंच में मौजूद जस्टिस मोहना ने वकील को इस तरह की टिप्पणी करने से रोकने की कोशिश की। हालांकि, इसके बावजूद वकील ने अपनी बात दोहराई। उन्होंने बेंच में शामिल जस्टिस बागची और जस्टिस मोहना के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया।
अवमानना मामले की सुनवाई के दौरान हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि पूरा विवाद वकील के खिलाफ चल रहे अवमानना मामले की सुनवाई के दौरान हुआ। इसी प्रकरण को लेकर वकील ने अदालत में अपनी नाराजगी जाहिर की और मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ टिप्पणी कर दी। सुनवाई के दौरान हुई इस बहस ने अदालत की कार्यवाही को चर्चा में ला दिया है।









