आलीराजपुर/कुलदीप खराड़ीया/खबर डिजिटल/ आलीराजपुर में कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देशानुसार जिले में बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समस्त राजस्व अधिकारियों को सक्रिय निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तपिश पांडे द्वारा ग्राम बड़ी स्थित बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया गया।
छात्रावास की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पांडे ने छात्रावास की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुविधाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा अध्ययन कक्षों का निरीक्षण किया गया। साथ ही आगामी दिनों में आयोजित परिक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के निए मार्गदर्शन भी दिया ।
अधिकारियों, छात्रावास अधीक्षक को दिए निर्देश
एसडीएम पांडे ने संबंधित अधिकारियों एवं छात्रावास अधीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के स्पष्ट निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।


