मैहर/अनुराग सिंह बघेल/खबर डिजिटल/ अमरपाटन विधान सभा क्षेत्र में अवैध शराब और नशीली कफ सिरप को लेकर पिछले 20 दिनों से चल रहा अनशन गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन को सौंपकर समाप्त कर दिया गया। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए, अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब और नशीली कफ सिरप की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
‘किसकी शह पर चल रहा अवैध कारोबार’
पूर्व वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष और वर्तमान में अमरपाटन विधानसभा से विधायक राजेंद्र सिंह ने अपनी विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह अवैध शराब और नसीली कफ सिरप के बिकने का आरोप लगाया है। जिसके लिए उन्होंने 20 दिन तक लगातार अनशन किया। उनका पूछना है कि आखिर किसकी शह पर यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। क्यों प्रशासन का सूचना तंत्र इस मामले में फेल साबित हो रहा है, जबकि समाज में इसके कारण कई तरह की परेशानियां पैदा हो रही है।
पुराने वाकयों का किया जिक्र
विधायक राजेंद्र सिंह ने कहा कि रीवा जोन के मुखिया लगातार नशे के खिलाफ आपरेशन चला रहे हैं, लेकिन निचले स्तर पर शह देने का काम किया जा रहा है। कुछ माह पहले मउगंज विधायक प्रदीप पटेल का भी मउगंज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सहस्टांग दण्डवत होने का वीडियो वायरल हुआ था। साथ ही उन्होंने बताया कि अमरपाटन विधानसभा नेशनल हाइवे नंबर 30 के किनारे स्थित है। यहां पर अवैध कारोबार के लिये माकूल भूगोल है और आवागमन है। बड़ी बड़ी खेप सहज ही विभिन्न रास्तों से आती जाती है। हालांकि अब प्रशासन की तरफ से अवैध नशे के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है, जिसके परिणाम आने वाले वक्त में देखने को मिल सकते हैं।


