रीवा/ अरविन्द तिवारी/ खबर डिजिटल/ रीवा के लिए यह एक बहुत ही गर्व का क्षण है। विंध्य की बेटी आयुषी वर्मा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर पूरे देश में अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। उन्होंने सीडीएस परीक्षा में टॉप रैंक हासिल की है, जो उनकी कड़ी मेहनत और लगन को दर्शाती है।
रीवा की होनहार बेटी आयुषी वर्मा ने प्रतिष्ठित सीडीएस में ऑल इंडिया रैंक 24 हासिल की है। इतना ही नहीं, उन्होंने टेक्निकल शाखा में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे विंध्य अंचल के लिए एक गर्व का विषय है।
यह भी पढ़ें – कुत्ते का बना आधार कार्ड फर्जी: कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश – Khabar Digital
आयुषी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही देश की सेवा करना चाहती थीं और भारत की पहली महिला फाइटर पायलट अवनी चतुर्वेदी को अपना प्रेरणा स्रोत मानती रही हैं। आयुषी ने कहा कि मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
आयुषी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से रीवा और विंध्य क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर बधाई दे रहे हैं और उनकी सफलता को लाखों युवाओं के लिए एक प्रेरणा मान रहे हैं।
यह भी पढ़ें –MP की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था: 5 किमी पैदल चलकर महिला को पहुंचाया अस्पताल – Khabar Digital


