सौरभ श्रीवास्तव/खबर डिजिटल/कटनी– कटनी-दमोह मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम जमुनिया के पास यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटनी से यात्रियों को लेकर जा रही बस (एमपी 04 ज़ेडज़ेड 8747) जब ग्राम जमुनिया के पास पहुँची, तभी सामने से आ रहे ट्रक (एचआर 73 1587) से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। यह टक्कर सुबह करीब 7:30 बजे हुई बताई जा रही है।टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजने की व्यवस्था की।घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस दल मौके पर नहीं पहुंच सका था।स्थानीय प्रशासन को हादसे की जानकारी दे दी गई है। पुलिस और एंबुलेंस दल के पहुंचने के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से शुरू किए जाने की संभावना है।
कटनी-दमोह मार्ग पर बस-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, दो दर्जन यात्री घायल — मौके पर मची अफरा-तफरी
सम्बंधित ख़बरें


