उमरिया/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ जिले के इंदवार थाना क्षेत्र के पनपथा गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म किया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि आरोपी पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस की कस्टडी से आरोपी फरार
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किशोरी ने अपने सौतेले पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया था। लेकिन रविवार देर रात आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
इलाके की पुलिस ने की नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश के लिए थाने व चौकियों की टीमों को सक्रिय किया गया। वर्तमान में पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर दी है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


