इंदौर/नरेंद्र महावर/खबर डिजिटल/ इंदौर पुलिस एक और नवाचार करने वाली है, अबकी बार इजराइल की टेक्नीक के जरिए अपराधियों पर शिकंजा कसा जाएगा। ना्केबंदी के वक्त आने वाली परेशानी से निजात पाने के लिए यह कदम उठाया गया है। दरअसल इंदौर पुलिस ने इजराइल पुलिस की तर्ज पर ‘स्पाइक स्ट्रिप’ (Spike Strip) तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया है।
इंदौर पुलिस कमिश्नर ने दी जानकारी
इंदौर पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अक्सर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध गाड़ियां पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश करती हैं। ऐसे में पुलिसकर्मी को जान जोखिम में डालकर वाहन का पीछा करना पड़ता है, जबकि इस तकनीक के जरिए पुलिस को संदिग्ध वाहनों को पकड़ने में आसानी होगी।
क्या है ‘स्पाइक स्ट्रिप’तकनीक?
स्पाइक स्ट्रिप एक विशेष उपकरण होता है, जिसे बैरियर की तरह सड़क पर बिछा दिया जाता है। इसमें नुकीली कीलें लगी होती हैं। जैसे ही कोई संदिग्ध वाहन इसे पार करने की कोशिश करता है, उसके टायर पंचर हो जाते हैं और वाहन कुछ ही दूरी पर रुक जाता है।
चैक पोस्ट व्यवस्था होगी दुरुस्त
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब भी कोई वाहन चेकपोस्ट पर नहीं रुकेगा, तो उसके बाद वायरलेस सेट पर तुरंत सूचना प्रसारित की जाएगी। इसके बाद अगले पॉइंट पर तैनात पुलिसकर्मी सड़क पर स्पाइक स्ट्रिप के जरिए भागने वाले वाहन चालक को पकड़ने में सफल हो जाएंगे।
पहली बार इंदौर में प्रयोग
इंदौर पुलिस नवाचार के मामले में देर नहीं लगाती, अबकी बार एक बार फिर शहर की पुलिस ने ‘स्पाइक स्ट्रिप’को अपनाकर नया प्रयोग किया है, कहा जा रहा है कि इसकी सफलता के बाद अन्य शहरों की पुलिस भी इसका उपयोग कर सकती है, या फिर सीधे पुलिस मुख्यालय ही इसको लेकर कोई आदेश जारी कर सकता है।
बैरिकेटिंग की बजाय सफल समाधान
इस कदम को स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे पहले, कई बार बैरिकेड्स लगाकर भी तेज रफ्तार वाहनों को रोकना मुश्किल होता था, लेकिन स्पाइक स्ट्रिप इस समस्या का प्रभावी समाधान साबित हो सकती है।


