इंदौर/नरेंद्र महावर/खबर डिजिटल/ इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में इंदौर एनआरआई फोरम द्वारा आयोजित एनआरआई महापर्व के चौथे संस्करण का एक दिवसीय भव्य आगाज कल यानी बुधवार इंदौर के डेली कॉलेज में होगा। विगत तीन वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस आयोजन में इस वर्ष 27 देशों से 220 से अधिक एनआरआई प्रवासी चौथी बार इंदौर पहुंच रहे हैं।
गुल्ली डंडा, कबड्डी, पतंग उड़ाने का लेंगे आनंद
कार्यक्रम के तहत 17 दिसंबर बुधवार की सुबह यशवंत क्लब में पारंपरिक भारतीय खेलों का विशेष आयोजन किया जाएगा। इसमें गुल्ली डंडा, कबड्डी, पतंग उड़ाना, लट्टू और लंगड़ी जैसे पुराने देसी खेल शामिल होंगे, जो भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत करेंगे।
बिजनेस समिट का आयोजन
शाम के समय डेली कॉलेज परिसर में बिजनेस समिट का आयोजन किया जाएगा,वहीं समिट के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस समिट में विभिन्न देशों से आए प्रतिभागी इंदौर के भविष्य, विकास और निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
पारंपरिक मालवी भोजन का चखेंगे स्वाद
कार्यक्रम के समापन अवसर पर दुनिया के विभिन्न देशों से आए अतिथियों का पारंपरिक मालवी भोजन से आतिथ्य किया जाएगा, जिससे उन्हें इंदौर की सांस्कृतिक विरासत और स्वाद से रूबरू कराया जाएगा।


