रीवा/अरविन्द तिवारी/ खबर डिजिटल/ रीवा जिले के त्योंथर क्षेत्र से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक Video Viral सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो शासकीय माध्यमिक शाला पनासी का है, जहां पदस्थ प्रधानाध्यापिका वर्षा मांझी वीडियो में ईयरफोन लगाकर गाना सुनती नजर आ रही हैं, जबकि एक छात्र उन्हें हाथ से पंखा झलता दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें –मध्यप्रदेश निगम मंडल नियुक्तियों पर स्टॉप, लगी रोक, खंडेलवाल का फैसला
वायरल वीडियो में प्रधानाध्यापिका कुर्सी पर बैठी हैं और पास में खड़ा छात्र हाथ से पंखा करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति ने इस दृश्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में स्कूलों की व्यवस्था और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लोगों को अब प्रशासनिक जांच और कार्रवाई का इंतजार है।


