सिवनी/राकेश यादव/खबर डिजिटल/अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिवनी जिला जेल में गूंज संस्था द्वारा महिला बंदियों के साथ एक प्रेरणादायक चर्चा सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला बंदियों को सकारात्मक सोच के साथ जीवन में नई शुरुआत करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान गूंज संस्था की टीम ने महिला बंदियों से संवाद करते हुए उनके विचारों, अनुभवों और भविष्य को लेकर सकारात्मक चर्चा की। इस दौरान महिलाओं को जीवन में बदलाव लाने और आगे बेहतर रास्ता चुनने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला बंदियों ने लिया संकल्प
महिला बंदियों ने भी इस अवसर पर संकल्प लिया कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार का अपराध नहीं करेंगी और जेल से रिहाई के बाद ईमानदारी तथा सकारात्मक सोच के साथ अपना जीवन व्यतीत करेंगी। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए महिला बंदियों के बीच कई मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक रहीं मौजूद
इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक ईशा वाल्मीकि की विशेष उपस्थिति रही। वहीं जेलर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने महिला बंदियों को सकारात्मक जीवन की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में गूंज संस्था की पूरी टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई और महिला बंदियों के साथ समय बिताकर उनका मनोबल बढ़ाया। यह आयोजन महिला बंदियों के आत्मविश्वास को मजबूत करने और उन्हें नई प्रेरणा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।


