मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हमला: "भ्रष्टाचार में डूबी मौजूदा सरकार, झारखंड को चाहिए भाजपा की डबल इंजन सरकार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गाण्डेय और बरकट्टा विधानसभा में परिवर्तन सभाओं को किया संबोधित

रांची, 23 सितंबर 2024 – झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान सोमवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गिरीडीह जिले की गाण्डेय और हजारीबाग जिले की बरकट्टा विधानसभा में आयोजित परिवर्तन सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में वर्तमान राज्य सरकार और सोरेन परिवार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य का विकास भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा, "हेमंत सोरेन और उनका परिवार सत्ता में आकर जनता की सेवा करने के बजाय भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए। जनता का विकास करने के बजाए सोरेन परिवार ने अपना भला किया। भाजपा की डबल इंजन की सरकार झारखंड को विकास के पथ पर अग्रसर करेगी और राज्य को समृद्ध बनाएगी।"

"झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं, लेकिन भ्रष्टाचार हावी"

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन मौजूदा सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा, "अटल बिहारी वाजपेयी जी ने झारखंड को समृद्ध बनाने का सपना देखा था, लेकिन मौजूदा राज्य सरकार की गलत नीतियों ने प्रदेश को पीछे धकेल दिया है।"

उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे भाजपा को समर्थन दें ताकि राज्य को विकास के मार्ग पर लाया जा सके। डॉ. यादव ने कहा, "अब समय आ गया है कि इस भ्रष्ट सरकार से छुटकारा पाया जाए और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाकर प्रदेश को सही दिशा में ले जाया जाए।"

"जनता के साथ वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार की सजा दे समय"

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने जनता के साथ वादाखिलाफी की है। उन्होंने कहा, "सोरेन परिवार ने सिर्फ अपने स्वार्थ को साधा और जनता को नजरअंदाज किया। अब समय आ गया है कि जनता इस सरकार को सत्ता से बाहर कर भाजपा को मौका दे।"

"हिंदुओं की घटती जनसंख्या पर चिंता"

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में हिंदुओं की घटती जनसंख्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, "झारखंड में हिंदुओं की जनसंख्या तेजी से घट रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस और वर्तमान राज्य सरकार की नीतियों ने इस समस्या को और बढ़ा दिया है।"

"आदिवासियों के विकास के लिए भाजपा प्रतिबद्ध"

डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से आदिवासी समाज के विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा, "अटल बिहारी वाजपेयी के समय जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी समाज की बहन द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनाकर आदिवासी समाज का सम्मान बढ़ाया है।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने आदिवासियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं और आगे भी इस दिशा में काम करती रहेगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment