झाबुआ/सुनील डाबी/खबर डिजिटल/ प्रतिभा, मेहनत और लगन जब एक साथ मिलते हैं, तो सफलता कदम चूमती है। यही साबित किया है केंद्रीय विद्यालय गेल झाबुआ की कक्षा 11वीं की छात्रा अंशिता सक्सेना ने। धार में आयोजित 22वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता (2025) में अंशिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक और एक रजत पदक अपने नाम किए हैं।
झाबुआ का नाम किया रोशन
अंशिता की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरा झाबुआ जिला गौरवान्वित हुआ है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 200 खिलाड़ी शामिल हुए थे, जिनमें अंशिता ने अपने सटीक निशाने और आत्मविश्वास से सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय के खेल प्रशिक्षक श्री जयंती परमार और श्री देवेंद्र बोराडे के मार्गदर्शन में अंशिता ने यह सफलता हासिल की। अब अंशिता का चयन राष्ट्रीय सब जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो 22 से 30 नवम्बर 2025 तक इटानगर (अरुणाचल प्रदेश) में आयोजित की जाएगी। विद्यालय परिवार, खेल प्रशिक्षकों और झाबुआ के नागरिकों ने अंशिता को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
इनका कहना है
“अंशिता हमारी प्रेरणा हैं। उन्होंने साबित किया है कि समर्पण और नियमित अभ्यास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।”
श्री जयंती परमार, खेल प्रशिक्षक


