जल संरचनाएं बनाकर पानी को सहेजने का करें काम-कलेक्टर

शाजापुर/आदित्य शर्मा। जिले में जल संरक्षण कार्य के लिए वर्तमान समय उचित है। वर्षा के पूर्व अधिक से अधिक जल संरक्षण के‍ लिए जल संरचना बनाकर पानी को सहेजने का काम करें, इससे भू-जलस्तर में वृद्धि होगी और आने वाले समय में पेयजल संकट से राहत भी मिलेगी। यह निर्देश कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने ग्राम टाण्डा बोर्डी, पिपलोदा, पचोला बनहल एवं बरवाल का भ्रमण कर चल रहे जलसंरक्षण के कार्यों  का निरीक्षण करने के दौरान दिये।

उन्हौने ग्राम टाण्डा बोर्डी में जनसहभागिता से चल रहे बोल्डर कंटूर बण्ड निर्माण का निरीक्षण किया। यहां बड़ी संख्या में ग्राम बोर्डी के ग्रामीणों द्वारा बण्ड निर्माण में सहयोग किया जा रहा था। कलेक्टर ने इसकी प्रशंसा करते हुए कार्य को अनुकरणीय बताया। उन्होंने अन्य ग्राम पंचायतों में भी इस तरह के कार्य कराने के निर्देश दिये।

कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने ग्राम पिपलोदा में बने 04 गेबियन चेक डेम का भी निरीक्षण किया तथा नाले में क्रम से और अधिक गेबियन स्ट्रक्चर बनाने के निर्देश दिये। साथ ही कलेक्टर ने नाले के किनारे मिट्टी कटाव रोकने के लिए बांस आदि के पौधे लगाने के साथ पुराने तालाब की मरम्मत कर सुधार करने के निर्देश दिये। साथ ही नवीन तालाब निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल तलाश कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिये।

उन्हाैने ग्राम पचोला बनहल में निर्मित 03 गेबियन स्ट्रक्चर एवं जनसहयोग से किये गये नाला बंधान कार्यों का भी निरीक्षण किया। वहीं ग्राम बरवाल में कलेक्टर ने जन सहयोग से किये गये नाला बंधान कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि बरवाल की पहाड़ियों पर कंटूर ट्रेंचेस निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल है, अत: यहां कंटूर ट्रेंचेस निर्माण के लिए स्वीकृति प्राप्त कर काम शुरू करने के लिए कहा। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संतोष टैगोर, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ राजकुमार हलदर, परियोजना अधिकारी विश्वास तारे सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment