मध्य प्रदेश सरकार की होम स्टे योजना अब आम लोगों के लिए कमाई का एक नया और आसान जरिया बनती जा रही है. जिन लोगों के घर में खाली कमरे हैं, वे अब उन्हें पर्यटकों को किराये पर देकर अच्छी अतिरिक्त आय कमा सकते हैं. इस पहल से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं स्थानीय लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनने का मौका भी मिल रहा है.
खाली कमरे से कमाए हजारों रुपये
इस योजना के तहत घर मालिक अपने खाली कमरों को पर्यटकों के लिए उपलब्ध करा सकते हैं. इससे एक ओर उनकी आमदनी बढ़ती है, वहीं बाहर से आने वाले लोगों को स्थानीय माहौल में रहने का अलग अनुभव मिलता है. योजना में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा दी गई है. इच्छुक लोग mptourism.mponline.gov.in पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा जानकारी का सत्यापन किया जाएगा. पंजीयन के दौरान आवेदक को पहचान पत्र, मकान से जुड़े दस्तावेज और जरूरी जानकारी देना अनिवार्य है. एक बार रजिस्ट्रेशन होने के बाद तय नियमों का पालन करना भी जरूरी रहेगा.
कैसे मिलेंगे पैसे
इस योजना में भाग लेने के लिए घर के कमरे साफ-सुथरे और सुरक्षित होने चाहिए. बिना पंजीयन के होम स्टे चलाना नियमों के खिलाफ माना जाएगा. सरकार की ओर से इसमें आर्थिक सहायता भी दी जा रही है. पहले वर्ष 50 अतिथि दिवस पूरे करने पर 15 हजार रुपये, दूसरे वर्ष 75 दिन पर 20 हजार और तीसरे वर्ष 100 दिन पर 25 हजार रुपये का अनुदान मिलता है. इसके अलावा होम स्टे का ब्रोशर बनवाने पर 10 हजार रुपये और राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल मार्ट में भाग लेने पर 50 हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है. सरकार का उद्देश्य इस योजना के जरिए प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देना है. इससे रोजगार के नए अवसर बनेंगे और प्रदेश की संस्कृति व परंपराओं को भी व्यापक पहचान मिलेगी.
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें-New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
यह भी पढें-MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम
यह भी पढ़ें-MP में बिजली ने रुलाया, हुई इतनी महंगी, 1 अप्रैल से लगेगा झटका


